राँची पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

 

राँची।राँची पुलिस ने नशे के तस्करों के खिलाफ फिर एक बार बड़ी कार्रवाई की है। न्यू मार्केट बस स्टैंड के पास से दो ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार कर उनके पास से 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेसवार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को 11 फरवरी की रात गुप्त सूचना मिली कि बिहार के सासाराम से दो व्यक्ति ब्राउन शुगर लेकर बस से राँची आ रहे हैं। वे कांटाटोली से न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के पास पहुंचेंगे।इस सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर उन्होंने प्रकाश सोय पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली और संजीव कुमार बेसरा पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के आसपास दोनों संदिग्धों की तलाश शुरू की। 11 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे न्यू मार्केट चौक के मंदिर कोने पर टेम्पू स्टैंड के पास दो संदिग्ध युवक दिखे। पुलिस को देखते ही वे भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सोनू कुमार यादव (उम्र 23 वर्ष), पिता राजदेव राय और अजय यादव (उम्र 20 वर्ष), पिता प्यारे राय उर्फ प्यारेलाल यादव बताया। दोनों आनंदपुरी चौक, छठ घाट, हरमु नदी, विधानसभा नगर (थाना सुखदेवनगर,राँची) के निवासी हैं। तलाशी के दौरान सोनू यादव के पास 43.85 ग्राम ब्राउन शुगर, एक सैमसंग मोबाइल फोन और राँची-सासाराम रेल टिकट और अजय यादव के पास 17.34 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इनके पास से कुल 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर (बाजार मूल्य करीब 12 लाख रुपये), एक मोबाइल फोन, 720 रुपये नगद और एक रेल टिकट जब्त किया गया।

सिटी एसपी परास राणा ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे एक दिन पहले ट्रेन से सासाराम गए थे। वहां बबन साह और सूरज साह से ब्राउन शुगर खरीदी और बस से राँची लौटे।ऑटो से वे अपने घर सुखदेवनगर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

मामला सुखदेवनगर थाने में कांड संख्या 52/26 के तहत दर्ज किया गया है।आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी)/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज है।आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।राँची पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सक्रिय अभियान चला रही है, और ऐसी कार्रवाइयों से शहर में ड्रग्स तस्करी पर लगाम लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

error: Content is protected !!