राँची पुलिस ने गोलीबारी मामले में 6 अपराधियों को किया गिरफ्तार…
राँची।राजधानी राँची के पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ तेल मिल गली के पास राजधानी मान्या टावर के समीप 17 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है।सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि यह घटना कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सुकरहुटू मनातु की करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में संजय पांडेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबू, पप्पु साव और रोहित पांडेय शामिल हैं।पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक स्कॉर्पियो वाहन, सात खाली खोखे, तीन पिलेट और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
17 जनवरी को दोपहर करीब 1 बजे जमीन विवाद को लेकर आकाश सिंह और विकास सिंह गुट की संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव गुट से मारपीट हुई थी। इसके बाद शाम में जमीन और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत के उद्देश्य से दोनों पक्षों ने राजधानी मान्या टावर के पास मिलने का निर्णय लिया।पहले आकाश सिंह और विकास सिंह अपने साथियों के साथ तीन वाहनों से मौके पर पहुंचे।कुछ देर बाद संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव भी तीन गाड़ियों में अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और इसी क्रम में फायरिंग शुरू कर दी गई।
इस गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी, जबकि विकास सिंह को छाती में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी।वहीं दूसरे गुट के रवि यादव को बाएं हाथ में एक गोली और मुंह के सामने छर्रे लगे है।घायलों में आकाश सिंह और विकास सिंह का इलाज रिम्स में चल रहा है, जबकि रवि यादव का इलाज ऑर्किड अस्पताल में किया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं।इस मामले में सुखदेवनगर (पंडरा ओपी) कांड संख्या 23/26 दिनांक 18.01.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त संजय पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय समेत सुखदेवनगर और कोतवाली थाना के कई अधिकारी व जवान शामिल थे।पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।वहीं दूसरे गुट को ओर से मामला दर्ज अभी नही हुआ है।

