राँची पुलिस ने बिहार के 4 अपहरणकर्ता को किया गिरफ्तार, शादी समारोह से अगवा किए गए युवक को सकुशल किया बरामद…
राँची।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर राँची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल अपहरण के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है।पुलिस के अनुसार,बीते 23 नवंबर की देर रात राँची के नगड़ी इलाके के दलादली ओपी क्षेत्र स्थित द पैलेस बैंक्वेट हॉल अपनी बहन की शादी में शामिल हुए एक युवक को अगवा कर लिया गया था।पुलिस ने न केवल अगवा किए गए युवक सुमित सोनी को सकुशल बरामद किया, बल्कि फिरौती मांगने वाले चार आरोपियों को भी बिहार के डोभी, गया से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार,यह घटना तब सामने आई जब 24 नवंबर को पीड़ित के पिता शिवशंकर प्रसाद (उम्र करीब 65 वर्ष, निवासी ग्राम गुडहट्टी गली, वार्ड नं0-25, थाना नगर थाना, आरा, जिला भोजपुर, बिहार) ने नगर थाना, आरा में आकर इसकी सूचना दी।
शिवशंकर प्रसाद ने बताया कि 23 नवंबर की रात राँची के द पैलेस बैंक्वेट हॉल में उनकी बेटी की शादी थी।देर रात करीब दो बजे, उनके बेटे सुमित सोनी ने उन्हें फोन कर बताया कि चार अपराधियों ने उसे अगवा कर लिया है।अपहरणकर्ताओं ने सुमित की रिहाई के बदले में बीस लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी और धमकी दी थी कि यदि राशि नहीं दी गई तो उसे जान से मारकर फेंक दिया जाएगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए, एसएसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया। जिसके बाद ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने तकनीकी और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, अपहरण किए गए सुमित सोनी को सकुशल बरामद कर लिया और चारों अपहरणकर्ताओं को बिहार के डोभी, गया से पकड़कर राँची लाया गया।
गिरफ्तार किए गए अपराधकर्मियों में नारायण कुमार, सोनू कुमार विश्वकर्मा, सुमित कुमार और हर्ष कुमार शामिल है।पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अपहरण की यह घटना फिरौती के लिए की गई एक सोची-समझी षडयंत्र थी।चारों अपराधकर्मी आरा, बिहार से एक सफेद रंग के वाहन से राँची आए थे।जांच में यह पता चला कि इन अपराधियों ने पीड़ित सुमित सोनी को कर्ज के रूप में कुछ राशि दी थी, जिसे प्राप्त करने के उद्देश्य से ही उन्होंने यह कदम उठाया।

