Ranchi:गार्ड का हाथ पैर बांध कर जेवर दुकान से लाखों के गहने की चोरी,सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी ले गए…जांच में जुटी पुलिस..
राँची।जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात चोरों ने जेवर दुकान से लाखों रुपए के गहने की चोरी कर ली।बेड़ो बाजार टांड के पास राँची-गुमला मुख्य मार्ग पर यह वारदात हुई। उत्तम ज्वेलर्स नामक सोने चांदी दुकान की चैनल व शटर को तोड़कर लाखों रुपए की जेवर चोरो ने चोरी कर ली।साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर भी उठा कर ले गए। इस दौरान आवाज देने पर चोरों ने रात्रि गश्ती कर रहे गार्ड को पकड़ कर हाथ पैर व मुंह बांधकर दुकान के पीछे सुनसान जगह पर फेंक दिया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसे सुबह में ग्रामीणों ने बहादुर का हाथ पैर खोलकर आजाद कराया।

बहादुर के अनुसार चोरों की संख्या आठ से दस थी। इधर, चोरी की घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव घटनास्थल पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। वहीं, पुलिस ने फोरेंसिक जांच टीम को बुलाकर सैम्पल इकट्ठा किया।

