Ranchi:डोरंडा कॉलेज में जोरदार धमाका, मच गया हड़कंप…जांच में जुटी है पुलिस..
राँची।राजधानी राँची के एक प्रमुख कॉलेजों में शामिल डोरंडा कॉलेज परिसर में आज उस समय हड़कंप मच गया जब ब्लॉक-बी स्थित एक वॉशरूम (शौचालय) के भीतर एक जोरदार धमाका हुआ। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय डोरंडा थाने को इसकी सूचना दी है, जिसके बाद पुलिस टीम ने जांच शरू कर दी है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकुमार शर्मा ने इस अप्रत्याशित घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज़ जोरदार थी। डॉ. शर्मा के अनुसार, यह धमाका किसी पटाखे के कारण भी हो सकता है।
इस मामले की जानकारी देते हुए प्राचार्य ने बताया कि इस घटना को अंजाम देने वाले संभावित आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने तीन से चार लड़कों को संदेह के घेरे में रखा गया है। डॉ. शर्मा ने एक महत्वपूर्ण सुरक्षा खामी की ओर भी ध्यान दिलाया, जिसका फायदा आरोपियों ने उठाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस तरफ वॉशरूम स्थित है, उधर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है। इस कारण, धमाका करते समय आरोपियों को सीधे कैमरे में कैद नहीं किया जा सका।
डोरंडा कॉलेज के ब्लॉक-बी वॉशरूम में हुए धमाके की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कॉलेज प्रशासन द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कैंपस में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच और धमाके के प्रकार को देखते हुए यह पुष्टि हुई है कि यह किसी व्यावसायिक या खतरनाक विस्फोटक का इस्तेमाल नहीं था। पुलिस ने बताया कि संभवतः किसी बड़े और तेज आवाज वाले पटाखे का इस्तेमाल किया गया होगा। जिससे वॉशरूम में उसकी आवाज गूंजने के कारण वह धमाके जैसा प्रतीत हुआ होगा। फिलहाल पुलिस हर बिंदू पर जांच और पूछताछ कर रही है।

