Ranchi:अधिक मुनाफा का लालच देकर महिला सिपाही से चार लाख की ठगी, प्राथमिकी दर्ज
राँची।झारखण्ड पुलिस में पदस्थापित प्रिया पाठक को मुनाफा देने का लालच देकर टीए रामा ट्रेडिंग कंपनी ने उनसे चार लाख की ठगी कर ली है। इस घटना को अंजाम देकर कंपनी ने न सिर्फ अपने ऐप बंद किए, बल्कि उसके कर्मी भी कार्यालय बंद कर फरार हो गए। इस संबंध में प्रिया पाठक ने कंपनी के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रिया पाठक से पुलिस को बताया कि टीए रामा ट्रेडिंग कंपनी इंडिया ने निवेश और ज्यादा मुनाफा देने के नाम पर करीब 4 लाख रुपए की ठगी की। प्रिया पाठक झारखण्ड पुलिस में परिचारी प्रवर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके जान-पहचान के अनिल कुमार मिश्रा ने उन्हें व्हाट्सएप लिंक भेजा। लिंक में कंपनी में निवेश कर कुछ लोगों को जोड़ने पर मुनाफा मिलने की बात कही गई थी। प्रिया पाठक ने लालच में आकर कंपनी में निवेश कर दिया। शुरुआत में कुछ लाभ मिला। इसके बाद कंपनी ने अपना मोबाइल ऐप बंद कर दिया और मुनाफा देना बंद कर दिया। कंपनी फरार हो गई। यह घटना इस साल के फरवरी से 6 मई 2025 के बीच की है। प्रिया पाठक ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

