Ranchi:घर में घुसा बाघ,इलाके में मचा हड़कम्प…वन विभाग की टीम मौके पर,रेस्क्यू की तैयारी…
राँची।राजधानी राँची के आसपास के जंगलों में एक बाघ घूम रहा है।यह सच साबित हो गया है। जिले में सिल्ली इलाके में ग्रामीणों ने सूझबूझ से बाघ को एक कमरे में बंद कर दिया। मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई है। वन विभाग की रेस्क्यू टीम बाघ को बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसे रेस्क्यू करेगी।
राँची के डीएफओ श्रीकांत ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा एक बाघ को कमरे में बंद किया गया। जानकारी मिलने के बाद, वन विभाग की रेस्क्यू टीम पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची है।पूरी सुरक्षा के साथ बेहोशी का इंजेक्शन देकर बाघ को रेस्क्यू किया जाएगा।
पूरा मामला राँची के सिल्ली प्रखंड के कोचो पंचायत के मारदू गांव का है। पुरंदर महतो नाम के ग्रामीण के कमरे में अचानक कुछ आहट की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण ने जब टॉर्च जलाकर देखा तो वह कांप गया क्योंकि कमरे के अंदर बाघ घुसा हुआ था।पुरंदर महतो ने सूझबुझ दिखाते हुए बाघ को बिना छेड़े और बिना शोर मचाए, कमरे से बाहर निकल गए और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। फिलहाल ग्रामीण वन विभाग की टीम के द्वारा रेस्क्यू करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।सिल्ली थाने और वन विभाग की एक टीम पहले से मौके पर मौजूद है। दरअसल, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला से सटे झारखण्ड के सिल्ली में एक बंगाल टाइगर ग्रामीण के घर में घुस गया है। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।वहीं बाघ की खबर सुनकर लोगों की हुजूम उमड़ पड़ी है।
पुरंदर महतो ने कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया है। डीएफओ ने पग मार्क का हवाला देते हुए इसे मेल बाघ होने की आशंका जताई है।उन्होंने बताया कि जिस इलाके में यह बाघ मिला है वो पश्चिम बंगाल से बिल्कुल सटा हुआ है।अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि यह किस तरफ से गांव में घुसा है।ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह करीब 4.30 बजे एक बड़ा जानवर गांव में घुसा था। वन विभाग की एक टीम घटनास्थल पर मौजूद है।
इधर वनरक्षी गौतम बोस ने बताया कि सुबह करीब 5.30 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि बाघ की तरह दिखने वाला एक बड़ा जानवर एक घर में घुस गया है।तब से एक टीम घटनास्थल पर जमी हुई है। ग्रामीण ने बताया कि जानवर की लंबाई 6 से 7 फीट है। सबसे खास बात है कि जिस घर में यह बाघ घुसा, उसमें दो छोटी बच्चियां सो रही थीं। ग्रामीणों का कहना है कि उसने बच्चियों को कुछ नहीं किया। बच्चियों के कमरे से बाहर निकलने पर बाहर से ताला बंद कर दिया गया।फिलहाल, कोचो पंचायत के मारदू गांव में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
डीएफओ ने बेतला नेशनल पार्क की एक टीम घटनास्थल पर पहुंचने वाली है। टाइगर को ट्रैंकुलाइज करने के बाद रेस्क्यू किया जाएगा। फिलहाल यह बंगाल टाइगर कोचो पंचायत के मारदू गांव के पुरंदर महतो के घर में है।

