Ranchi:जज के सरकारी ड्राइवर का शव धुर्वा डैम से बरामद,मरने वालों की संख्या हुई चार…
राँची।धुर्वा डैम में हुए एक हादसे में डूबे चौथे व्यक्ति, पुलिसकर्मी सत्येंद्र सिंह का शव आखिरकार सोमवार की सुबह बरामद कर लिया गया है।इससे पहले, इसी घटना में मारे गए तीन अन्य पुलिसकर्मियों के शव पानी से निकाले जा चुके थे। सत्येंद्र कुमार की तलाश में एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार जुटी हुई थी। यह घटना उस समय हुई जब जमशेदपुर के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज (पीडीजे) की सुरक्षा टीम के सदस्य चार पुलिसकर्मी एक सरकारी वाहन से डैम की ओर यात्रा कर रहे थे।बताया जा रहा है कि 14 नवंबर की रात,उनकी कार अनियंत्रित होकर धुर्वा डैम के पानी में जा गिरी।देर रात करीब 2 बजे वाहन सहित तीन शव को बाहर निकाला गया।
फाइल फोटो-सत्येंद्र कुमार
14 नवंबर रात स्थानीय लोगों ने डैम के किनारे एक वाहन को पानी में डूबे होने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया।सर्च ऑपरेशन के दौरान, गोताखोरों ने डूबी हुई कार के भीतर से तीन पुलिसकर्मियों के शव बरामद किए,जिनकी पहचान उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन और चालक अनिल सिंह के रूप में हुई थी।माना जा रहा है कि ये तीनों कार के अंदर ही फंस गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।हालांकि, चौथा व्यक्ति,एक अन्य चालक सत्येंद्र सिंह, कार के भीतर नहीं मिला।पुलिस ने आशंका जताई थी कि कार के पानी में गिरते ही वह बाहर निकलने की कोशिश में डैम में कूद गया होगा, लेकिन वह भी डूब गया।
उसके बाद शनिवार और रविवार को सत्येंद्र सिंह की खोज के लिए एनडीआरएफ की टीम के द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान सोमवार की सुबह सत्येंद्र कुमार का शव भी डैम से बरामद कर लिया गया है।इस हादसे में मरने वाले चारों पुलिसकर्मी जमशेदपुर के जगसुलाई इलाके के रहने वाले थे।
बता दें मरने वालों में दो पुलिस के जवान थे जो जज के अंगरक्षक थे और दो जज के चालक थे।वहीं एक जवान के हथियार दुर्घटना के दिन ही बरामद हो गई थी।लेकिन दूसरे अंगरक्षक का हथियार नहीं मिला है। कई टीम हथियार खोज रहे हैं।

