राँची:होटल में छोड़े कैमरे, डिनर से लौटे तो सब गायब; 12 लाख की चोरी से मचा हड़कंप,वारदात सीसीटीवी में कैद..

 

राँची।राजधानी राँची में प्री-वेडिंग फोटोशूट के नाम पर कोलकाता के दो फोटोग्राफरों को बुलाकर लाखों रुपये के कैमरे और शूटिंग उपकरण चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित होटल राजधानी प्लाजा की है, जहां से करीब 12 लाख रुपये के हाई-टेक कैमरे और अन्य उपकरण गायब कर दिए गए। पुलिस ने मामले में विश्वजीत सिन्हा, उसके सहयोगी रितेश और यूपीआई खाताधारक धीरज कुमार को नामजद आरोपी बनाया है। इस संबंध में डेली मार्केट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है

पहले भरोसा जीता, फिर डिनर के बहाने कमरे से बाहर ले गया
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, उत्तर 24 परगना, कोलकाता निवासी फोटोग्राफर राहुल दास और धनंजय घोष को विश्वजीत सिन्हा ने 18 अगस्त को फोन किया था। उसने दोनों को राँची में प्री-वेडिंग फोटोशूट का काम दिलाने की बात कही और भरोसा कायम करने के लिए 4 हजार रुपये एडवांस ऑनलाइन भेजे।
20 अगस्त की रात दोनों फोटोग्राफर हावड़ा-राँची इंटरसिटी एक्सप्रेस से राँची पहुंचे। स्टेशन पर रितेश उन्हें रिसीव कर होटल राजधानी प्लाजा ले गया और कमरा नंबर 303 में ठहराया। कुछ देर बाद रितेश दोनों को खाना खाने के लिए बाहर ले गया।
बताया गया कि रितेश ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि कमरे में ताला लगा है और होटल परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है, इसलिए उनके महंगे कैमरे और उपकरण पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसी भरोसे में दोनों अपना सामान कमरे में छोड़कर उसके साथ डिनर के लिए चले गए।

लौटे तो कमरे से गायब था पूरा कैमरा बैग
रात करीब 10:30 बजे जब दोनों वापस होटल पहुंचे तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दोनों कैमरा बैग और उनमें रखे महंगे उपकरण गायब थे। काफी तलाश के बाद भी सामान का कोई पता नहीं चला। इसके बाद होटल प्रबंधन को सूचना दी गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

डुप्लीकेट चाबी से खुला कमरा, CCTV में कैद हुआ युवक
पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक डुप्लीकेट चाबी की मदद से कमरा खोलता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह कैमरा उपकरणों से भरा काला बैग लेकर होटल से बाहर निकलता नजर आया। बैग पर ‘ट्राइपॉप’ लिखा हुआ बताया गया है।

इन महंगे उपकरणों पर हाथ साफ
चोरी गए सामान में Sony A7 IV और Sony FX3 कैमरा बॉडी, Sigma के 35mm और 85mm लेंस, Viltrox लेंस, DJI RS4 गिम्बल, Godox फ्लैश, Viltrox मॉनिटर सहित कई अन्य शूटिंग एक्सेसरीज शामिल हैं। फोटोग्राफरों के अनुसार चोरी गए पूरे सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है।

मोबाइल लोकेशन और CCTV से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश

डेली मार्केट पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपियों के मोबाइल लोकेशन और होटल के सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गए कैमरे और अन्य उपकरण बरामद करने का प्रयास जारी है।

इस मामले में डेली मार्केट थाना प्रभारी ने बताया कि खोज बिन की जा रही है। जल्द अपराधी पकड़े जाएंगे। सीसीटीवी से अपराधियों की तस्वीरों को निकाल कर छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!