Ranchi:रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को धमकी देने वाला धनबाद से गिरफ्तार
राँची।केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को राँची पुलिस ने रविवार रात धनबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हरिहरपुर थाना क्षेत्र के शर्मा कॉलोनी, गोमो निवासी नित्यानंद पाल के रूप में हुई है। पुलिस उससे राँची में पूछताछ कर रही है।कुछ दिनों पहले मंत्री संजय सेठ को मोबाइल पर कॉल आया।इसमें एक व्यक्ति ने खुद को कई लोगों का हत्यारा बताते हुए कहा कि अब अगला नंबर मंत्री (संजय सेठ) का है। इसके बाद आरोपी ने रक्षा राज्यमंत्री को एक धमकी भरा मैसेज भी भेजा। इसमें लिखा था, ‘आप पर गोली चलेगी।’
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंत्री संजय सेठ ने तुरंत राँची और दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी।सूचना मिलते ही राँची पुलिस हरकत में आयी। एक विशेष जांच टीम का गठन किया।जांच में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि धमकी देने वाला व्यक्ति गोमो के शर्मा कॉलोनी में रहता है।
इसके बाद राँची पुलिस ने धनबाद पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की।छापेमारी के दौरान आरोपी घर पर नहीं मिला, लेकिन मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे धनबाद के एक अन्य स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी की मानसिक स्थिति कैसी है। कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं। सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले पर नजर बनाये हुए है। 

