Ranchi: रिम्स से एक बाल कैदी फरार, पेट दर्द की शिकायत पर लाया गया था अस्पताल,चकमा देकर भाग निकला…
राँची।राँची के रिम्स अस्पताल से एक बाल कैदी फरार हो गया है। पेट दर्द की शिकायत करने के बाद 2 दिन पहले ही उसे बाल सुधार गृह प्रशासन के द्वारा रिम्स के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था।इलाज के दौरान वह मंगलवार अहले सुबह सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।बाल कैदी को राँची के डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में रखा गया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाल कैदी राँची जिले के खलारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।चोरी के एक मामले में कुछ दिनों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी लेकिन चार दिन पहले उसने आत्मसमर्पण कर दिया था।आत्मसमपर्ण करने के बाद उसे पुलिस ने निरुद्ध करते हुए राँची के ड्डूमरदगा का स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया था। सदर डीसीपी संजीव बेसरा ने बताया कि वॉशरूम जाने के बहाने बाल कैदी के फरार होने की सूचना मिली है।चोरी के एक मामले में उसे निरुद्ध किया गया था, जिसके बाद वह बाल सुधार गृह में था।लेकिन तबीयत खराब होने के बाद उसे रिम्स में इलाज के लिए लाया गया था.।जहां से वह फरार हुआ है।मामले की जांच की जा रही है।साथ ही साथ बाल कैदी की तलाश भी तेज कर दी गई है।

