Ranchi:ब्राउन शुगर के साथ दो महिला सहित 7 तस्कर गिरफ्तार, कुख्यात अम्बर फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे…
राँची।राजधानी राँची में एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राँची पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान में पुलिस ने एक साथ सात ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है।
राँची पुलिस द्वारा प्रेस रिलीज में दी गई जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राँची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के तिरिल स्थित शांतिनगर रोड नंबर-10 में एक मकान पर छापा मारकर ब्राउन शुगर बरामद किया।इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत कुल सात ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सदर) ने किया।टीम को सूचना मिली थी कि शांतिनगर इलाके में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार किया जा रहा है,जिसके बाद बाबला राम के घर पर विधिवत छापेमारी की गई।तलाशी के दौरान घर से 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, तीन कंपनियों के सात मोबाइल फोन, 7,300 नकद रुपए और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
छापेमारी के बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें मुख्य आरोपी अम्बर कुमार राम उर्फ टमन ने दूसरे तस्करों की संलिप्तता उजागर की, जबकि पुलिस रिकॉर्ड में अम्बर कुमार राम पहले से ही कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ राँची के विभिन्न थानों में कुल 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें से केवल 13 मामले सदर थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। पुलिस ने इस मामले में सदर थाना कांड संख्या-632/2025 के तहत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2)(b) और NDPS Act की धारा 21(b), 22(b), 23, 25 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की है।
इधर सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि यह कार्रवाई राँची में बढ़ते ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को रोकने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों के कनेक्शनों की पड़ताल की जा रही है और इनके माध्यम से बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम:
अम्बर कुमार राम उर्फ टमन उर्फ तपन 24 वर्ष,बाबला राम 48 वर्ष और उसकी पत्नी मुन्नी देवी 40 वर्ष राँची,दिव्या कुमारी 21 वर्ष राँची,पीयूष कुमार 20 वर्ष, गयाजी, बिहार,समीर तिर्की 35 वर्ष राँची और अमन कुमार 22 वर्ष राँची शामिल हैं।

