Ranchi:बुढ़मू में करंट से 14 साल के लड़के की मौत, दतवन तोड़ते समय 11हजार वोल्ट तार की चपेट में आया…

 

राँची।जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। यह हादसा नाऊज गांव में ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिदूं बसाईर के सामने हुआ। मृतक की पहचान सिकंदर लोहरा के पुत्र सोनू लोहरा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनू लोहरा दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान वह पेड़ से सटे 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार उसकी चपेट में आ गया।तेज करंट लगते ही वह पेड़ पर ही अचेत हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के दौरान बिजली का तार टूट गया, जिससे पेड़ के नीचे आग भी लग गई।आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग को सूचना दी और आपूर्ति बंद करवाई।

सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।वहीं, पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के किनारे इस तरह खुले में 11 हजार वोल्ट का तार रहना बेहद खतरनाक है और पहले भी इसकी शिकायत की गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही सोनू की मां घटनास्थल पर पहुंचीं। पेड़ पर अपने बेटे का शव देख वे बदहवास होकर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने पानी का छिड़काव कर उन्हें होश में लाया।परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी सच्चिदानंद वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस दर्दनाक हादसे ने बिजली विभाग की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि खुले और झूलते बिजली तारों को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

error: Content is protected !!