राँची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में छापेमारी,किसी तरह का आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं…

राँची।आज दिनांक 07 दिसंबर 2023 (गुरुवार) को अहले सुबह ज़िला प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। उपायुक्त, राँची के निदेशानुसार बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में उप विकास आयुक्त राँची श्री दिनेश यादव के नेतृत्व छापेमारी की गयी। छापामारी दल में अनुमंडल पदाधिकारी राँची, सदर श्री दीपक दुबे, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), राँची श्री राजेश्वरनाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक, नगर श्री राजकुमार मेहता, कार्यपालक दण्डाधिकारी श्री पवन कुमार, श्री संजय प्रसाद, श्रीमती साधना जयपुरियार, श्री संजय कुमार एवं आवासीय दण्डाधिकारी, हटिया सुश्री स्मृति कुमारी शामिल थे। छापामारी में सहयोग के लिए पुलिस अधीक्षक, नगर श्री राजकुमार मेहता के नेतृत्व में 15 पुलिस पदाधिकारी तथा 100 पुलिस जवान भी उपस्थित थे।

तीन घंटे चली छापेमारी

बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में सुबह 5:00 बजे से 8:00 बजे तक छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस जवानों ने जेल के अंदर प्रत्येक वार्ड एवं सेल की गहन तलाशी ली।

अस्पताल और महिला वार्ड की भी जांच

छापेमारी के दौरान बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार अस्पताल की भी गहन जांच की गई। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों ने प्रत्येक महिला वार्ड की भी तलाशी ली।

आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं

छापामारी के दौरान बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में किसी भी तरह का आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं किया गया।