राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखण्ड पहुंचीं,राँची एयरपोर्ट पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत…

 

राँची।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राँची पहुंच गईं हैं।वायुसेना के विशेष विमान से महामहिम द्रौपदी मुर्मू राँची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरीं। गुरुवार की शाम को झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एयरपोर्ट पर फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राँची एयरपोर्ट से सीधे राजभवन के लिए रवाना हो गईं।आज रात वह राजभवन में विश्राम करेंगी। शुक्रवार को नामकुम स्थित आईसीएआर-एनआईएसए का शताब्दी समारोह मनाया जाएगा। इसी समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति 2 दिवसीय झारखण्ड यात्रा पर आईं हैं। राष्ट्रपति शुक्रवार (20 सितंबर) को ICAR-NISA के शताब्दी समारोह को संबोधित करेंगी।

शताब्दी समारोह में महामहिम द्रौपदी मुर्मू के अलावा दो केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे।कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ भी इस समारोह में शामिल होंगे।इनके अलावा झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।

राष्ट्रपति के राँची आगमन और एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर लिखा- झारखण्ड की वीर भूमि पर देश की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी का हार्दिक अभिनंदन, स्वागत और जोहार। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन करने वालों में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और झारखण्ड के मुख्य सचिव एल खियांग्ते,डीजीपी अनुराग गुप्ता एवं अन्य अधिकारी भी शामिल थे।