लोहरदगा के कुड़ू में करम पूजा के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश,प्रशासन ने संभाला मोर्चा
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले के कुड़ू में करम पूजा के दिन माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गयी।करम डाली की कटाई के बाद वापस बरटोली अखड़ा लौट रही टोली ने इमली पेड़ की परिक्रमा करने पहुंचे, तो एक समुदाय विशेष के लोगों ने वहां पथराव कर दिया। हाथापायी शुरू हो गयी।मौके पर मौजूद अंचल अधिकारी संतोष उरांव और थाना प्रभारी मनोज कुमार ने समझा-बुझाकर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता ही गया। प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद मामले को शांत कराया।
बताया जाता है को दोबा बरटोली के लोग सामाजिक परंपरा का निर्वहन करते हुए करम डाली की कटाई करने के बाद बरटोली अखड़ा लौट रहे थे।इसी बीच दोबा बरटोली गांव में धार्मिक परंपराओं के अनुसार इमली पेड़ की परिक्रमा करने के लिए लोग जुटे।इस विवादित स्थल पर दूसरे पक्ष ने हंगामा करते हुए हाथापायी शुरू कर दी।मौके पर मौजूद सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी मनोज कुमार के काफी समझाने के बाद भी जब मामला शांत नहीं हुआ, तो सीओ ने पुलिस बल को मोर्चा संभालने के आदेश दिये।पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर दिया।सीओ संतोष उरांव ने बताया कि शांति समिति की बैठक में तय किया गया था कि दोबा बरटोली गांव में यथास्थिति बनी रहेगी।इसके बावजूद कुछ लोगों ने सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का प्रयास किया।उन्होंने कहा कि करम डाली लेकर लौट रहे आमजनों के साथ हाथापायी और हल्की झड़प हुई है।प्रशासन पूरे मामले में निगरानी कर रहा है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पूर्व से विवादित स्थल पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। करम डाली लेकर लौट रहे ग्रामीण अपनी जनजातीय परंपरा का निर्वहन कर रहे थे।इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का प्रयास किया।परंतु तुरंत लोगों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया है।पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है।मामला पूरी तरह शांत है।जिला प्रशासन के आदेशानुसार आरोपियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी। पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है।

