गोड्डा:ग्राम प्रधान की हत्या मामले का पुलिस ने किया खुलासा, सात अपराधी गिरफ्तार…
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले में ग्राम प्रधान ताला मुर्मू हत्याकांड का गोड्डा पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि गोड्डा एसपी अनिमेष नैथानी ने की है। एसपी ने बताया कि पिछले 19 मई को बोआरीजोर थाना क्षेत्र में ताला मुर्मू की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। ताला मुर्मू साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी फूलो लक्ष्मी गांव का प्रधान था।
उन्होंने कहा कि मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी गठित की गई थी।पुलिस की जांच में साहिबगंज जिला के मोबिन अंसारी और लाखन मरांडी, गोड्डा के हनवारा थाना क्षेत्र निवासी मो असलम, मो अल्ताफ, पिंटू राय, अरविंद कुमार और ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के सुभाष ठाकुर की संलिप्तता पाई गई। जिसके बाद पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि जमीन विवाद में ताला मुर्मू की हत्या की गई थी।ग्राम प्रधान किसी एक पक्ष को स्पोर्ट करता था। इस कारण दूसरे पक्ष के द्वार उसकी हत्या के लिए अपराधियों को 1.5 लाख की सुपारी दी गई थी।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में कुछ का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। एसपी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त बाइक के अलावा आरोपियों के पास से आठ मोबाइल जब्त किए गए हैं। एसपी ने बताया कि पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

