बालू माफियाओं की दबंगई:रात में पुलिस गश्ती गाड़ी ने पकड़ा अवैध बालू लदा ट्रक,सड़क पर घेर लिया 6-7 दंबगों ने,धमका कर छुड़ा ले गए ट्रक
-बालू माफियाओं ने कहा-हम लोग बालू ले जाएंगे,क्योंकि हम थाना को मैनेज करते है,पेट्रोलिंग के दौरान खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे है पुलिसकर्मी
-चुटिया थाना के एएसआई गुरुचरण पंडित ने एसएसपी को दिया लिखित आवेदन,दी घटना की पूरी जानकारी,चुटिया थाने में भी की लिखित शिकायत..
राँची।राजधानी राँची में बालू माफियाओं की दबंगई बढ़ती जा रही है।दो दिन पहले 28 जून की रात बालू ट्रक ने नामकुम थाना प्रभारी की गाड़ी को टक्कर मार दी थी। इस घटना में थाना प्रभारी व उनका बाडीगार्ड गंभीर हो गया था। घटना के ठीक एक दिन बाद ही 29 जून की रात पुलिस गश्ती के दौरान अवैध रूप से खनन कर बालू ले जा रहे ट्रक को जब पुलिस ने पकड़ा, तो बालू माफियाओं ने पुलिस की गश्ती गाड़ी को ही घेर लिया। पुलिस कर्मियों को धमका कर बालू ट्रक छुड़ा ले गए। जाते जाते गश्ती गाड़ी में तैनात पुलिस अधिकारी व कर्मियों को धमकी दे गए कि बालू ट्रक तो हम चलाएंगे। जो करना है है कर ले। क्योंकि हम पुलिस को मैनेज करते है। इस संबंध में चुटिया थाना के एएसआई गुरुचरण पंडित ने वरीय पुलिस अधीक्षक राँची चंदन सिन्हा को लिखित में आवेदन दिया है। जिसमें बताया है कि कैसे बालू माफियाओं ने पुलिस की गश्ती गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों से धमकी भरे लहजे में बात की और बालू लदा ट्रक देर रात सड़क से ही छुड़ा ले गए।
एएसआई गुरुचरण पंडित की जुबानी पुरी घटना
एएसआई गुरुचरण पंडित ने बताया कि वे 29 जून की रात 12.30 बजे गश्ती में थे। उनके साथ आरक्षी वीरेंद्र कंडूलना और हवलदार रिझा उरांव साथ में थे। पुलिस के गश्ती वाहन को चालक आरक्षी रविंद्र कुमार सिंह चला रहे थे। गश्ती के क्रम में घाट रोड चुटिया में केतारी बागान रोड के पास एक टर्बो (जिसका नंबर जेएचईई4309) को अवैध रूप से बालू ले जाते देखा गया। उसे रोकने की कोशिश की गई तो वह भागने लगा। पीछा कर टर्बो को पकड़ा गया। उससे बालू के संबंध में कागजात मांगे गए तो वह नहीं दे सका। इसके कुछ ही देर बाद पीछे से एक सफेद रंग की एसयूवी गाड़ी आई। उसमें से एक व्यक्ति निकला। उसने खुद को मंगल महतो बताया। मंगल महतो ने एएसआई गुरुचरण पंडित को कहा कि बालू गाड़ी को क्यो रोका। यह मेरा गाड़ी है। हम लोग बालू ले जाएंगे। उसने यह भी कहा कि हम थाना को मैनेज करते है।
गाड़ी नहीं ले जाने दिया तो और 6-7 लोग पहुंच गए
जब एएसआई गुरुचरण पंडित ने अवैध बालू लदे ट्रक को नहीं छोड़ा तो और 6-7 लोग वहां पहुंच गए। वे सभी गश्ती दल के पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी करने लगे। उनके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगे। इसके बाद रास्ते ही वे लोग दबंगई करते हुए टर्बो को छुड़ा ले गए। जाते जाते धमकी दे गए कि जो करना है कर लो। एएसआई ने एसएसपी को यह भी लिखा है कि हाल ही में नामकुम थाना प्रभारी व बॉडीगार्ड को बालू ट्रक ने टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। ऐसे में गश्ती पेट्रोलिंग करने में पुलिस कर्मी खुद को काफी असुरक्षित महसूस कर रहे है। बालू माफियाओं का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। इनके द्वारा किसी घटना को अंजाम दिया जा सकता है। अत: इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाए।

