धनबाद के वासेपुर में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन:15 मोहल्लों में प्रिंस खान गैंग के शूटरों और AK-47 की तलाश,इलाके में हड़कंप
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद के चर्चित वासेपुर इलाके में गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह पर नकेल कसने के लिए धनबाद पुलिस ने सोमवार की सुबह एक बड़ा छापेमारी अभियान शुरू किया। सुबह करीब छह बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिन्हें लगभग 20 टीमों में संगठित किया गया है।पुलिस की इन टीमों ने वासेपुर के 15 अलग-अलग मोहल्लों में एक साथ दबिश दी, जिससे पूरे इलाके में अचानक हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, यह बड़ा ऑपरेशन गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े शूटरों द्वारा अत्याधुनिक हथियारों की खरीद-फरोख्त की पुख्ता सूचना के बाद किया जा रहा है।पुलिस को विशेष रूप से यह जानकारी मिली थी कि वासेपुर में AK-56 और AK-47 जैसे घातक राइफलों की आमद हुई है।इसके अलावा, बाहर से शूटरों के इलाके में आने की खबर भी थी।इसी इनपुट के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया है,जिसका मुख्य उद्देश्य इन हथियारों को जब्त करना और गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार करना है।
छापेमारी शुरू होते ही पुलिस की भारी टुकड़ी ने निषाद नगर, मिल्लत कॉलोनी, कबड्डी पट्टी, नीचे बाजार,करीमगंज-मारूफगंज, कमर मखदूमी रोड, गुलजारबाग, जोनल ट्रेनिंग स्कूल क्षेत्र, शमशेर नगर, और रहमतगंज सहित कई अन्य संवेदनशील मोहल्लों में प्रवेश किया।पुलिस टीमें संदिग्ध घरों, ठिकानों और अपराधियों के आवागमन के संभावित रास्तों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सघन जांच कर रही हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि में प्रिंस खान गैंग की बढ़ती आपराधिक गतिविधियाँ हैं।हाल ही में, गैंग के एक बड़े सदस्य ने धनबाद के एक कोयला व्यवसायी से रंगदारी की मांग की थी। प्रिंस खान, जो कथित तौर पर दुबई से अपना गिरोह चला रहा है, चतरा, पलामू, राँची और जमशेदपुर के बड़े कारोबारियों से भी सक्रिय रूप से रंगदारी मांगने में शामिल रहा है।पुलिस ने बताया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों को पकड़ना, अवैध हथियारों को जब्त करना और प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क की जड़ों को पूरी तरह से तोड़ना है।
इधर पुलिस ने प्रिंस खान के एक करीबी सहयोगी को गिरफ्तार किया है,जिसके घर से 2.5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने प्रिंस खान के वासेपुर, पांडरपाला और भूली स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस गहन छापेमारी में पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर गहन तलाशी ली, और प्रिंस खान के एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि प्रिंस खान के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में अहम सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस का यह अभियान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संगठित अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

