बुजुर्ग दंपती की गला काट कर हत्या:डायन का आरोप लगा कर हत्या करने की आंशका,जांच में जुटी है पुलिस…
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के लिपुंगा गांव में एक बुजुर्ग दंपती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह घटना सोमवार देर रात गुवा थाना क्षेत्र के दिरीबुरु पंचायत में हुई। मृतकों की पहचान 72 सर्गिया बालमुचू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी मुक्ता बालमुचू के रूप में हुई है।
मंगलवार सुबह एक ग्रामीण ने दंपती को अपने घर के आंगन में खटिया पर मृत पाया। ग्रामीण पहले खेत की ओर जा रहा था, तब उसने उन्हें लेटे हुए देखा था। दो घंटे बाद लौटने पर जब उसने आवाज दी और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो चादर हटाने पर दोनों खून से सने हुए पाए गए। इसके बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पिछले कई वर्षों से डायन-बिसाही से जुड़े विवाद सामने आते रहे हैं। इस हत्याकांड के पीछे भी इसी तरह के संदेह की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और डर का माहौल है।
गुवा थाना प्रभारी नीतिश कुमार ने बताया कि मृतक दंपती का गांव के कुछ लोगों के साथ हाल ही में विवाद हुआ था। रविवार को इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव में एक बैठक हुई थी, जिसमें पंचायत ने दंपती पर जुर्माना लगाया था।
पुलिस को संदेह है कि जुर्माना नहीं देने को लेकर ही विवाद बढ़ा और इसी कारण देर रात दोनों की हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि हत्या कुल्हाड़ी से गला काटकर की गई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से फरार हो गए हैं।

