रिसेप्शन पार्टी में युवक की गोली मारकर हत्या..जांच में जुटी है पुलिस..
साहेबगंज।झारखण्ड के साहेबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ापचगढ़ में गुरुवार देर रात बहुभोज के दौरान अज्ञात अपराधी द्वारा चलाई गई गोली से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी पुलिस एवं सदर डीएसपी किशोर तिर्की मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।जानकारी के अनुसार, बड़ापचगढ़ मोहल्ले में राहुल नामक युवक के यहां रिसेप्शन का आयोजन था। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे स्थानीय निवासी गुलशन कुमार रिखियासन उर्फ मुंशी (25) भोजन करने के बाद रात में बाइक से घर जाने लगा।बाइक के पास पहुंचने पर उसे पता चला कि चाबी कहीं गिर गई है। चाबी खोजने के उद्देश्य से वे दोबारा पंडाल की ओर लौटा। उसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उस पर गोली चलाई, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग वहां पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गुलशन को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि गुलशन का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व सिंगाड़ी गांव की प्रमिला देवी से हुआ था। चार भाइयों और एक बहन में वह सबसे छोटा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सदर डीएसपी किशोर तिर्की ने बताया कि घटना देर रात 1 से 2 बजे के बीच हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत जांच की गई, लेकिन अपराधी फरार हो चुके थे।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश जारी है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

