पेड़ से लटका मिला महिला का शव,जाँच में जुटी है पुलिस…

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीपल के पास रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खेत में पेड़ से दुपट्टे के सहारे एक विवाहित महिला का शव लटका हुआ मिला। खेत में काम करने पहुंचे लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी तत्काल बरवाअड्डा थाना पुलिस को दी गई। खेत के बीच पेड़ से लटका शव दूर से ही नजर आ रहा था, जिससे पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पेड़ से शव को नीचे उतारा और अपने कब्जे में लिया। इसके बाद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन महिला की पहचान को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया है।

पुलिस ने मृत महिला के पास से एक बैग और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। बैग की तलाशी लेने पर उसमें एक डायरी मिली, जिसमें कई लोगों के मोबाइल नंबर दर्ज हैं। पुलिस अब इन्हीं नंबरों के आधार पर महिला की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाया जा सके कि महिला किन लोगों के संपर्क में थी और आखिरी बार उसने किससे बात की थी।

प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान और उसके परिवार से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला कहां की रहने वाली थी, किन परिस्थितियों में वह जोड़ापीपल के पास खेत तक पहुंची और उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि इस रहस्यमयी घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।समाचार लिखे जाने तक पहचान नहीं हुई थी।

error: Content is protected !!