Ranchi:कारोबारी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में जांच में जुटी पुलिस

 

राँची।राँची के नगड़ी थाना क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी अशरफ अंसारी को व्हाट्सएप कॉल कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले की पुलिस जांच कर रही है। इस संबंध में नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या फोन विदेश से इंटरनेट कॉल द्वारा करने की आशंका लग रही है। फोन नंबर की जांच के लिए पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद ली जा रही है जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के फोन कॉल से क्षेत्र के व्यापारी डरें नहीं और तुरंत थाने को सूचित करें। ज्ञात हो कि पिछले पांच अक्तूबर की दोपहर में नगड़ी के नारो निवासी 42 वर्षीय कारोबारी अशरफ अंसारी से उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल कर कुख्यात राहुल सिंह के नाम से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।राहुल सिंह द्वारा एक सप्ताह में पांच करोड़ रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया था अन्यथा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी गई थी। साथ ही कहा गया कि मेरे बारे में पता कर लो मैं कौन हूं। पांच अक्तूबर के बाद भी अशरफ अंसारी को लगातार व्हाट्सएप द्वारा चैटिंग कर धमकी दी जा रही थी। इस मामले में अशरफ ने नगड़ी थाने में जानमाल की रक्षा करने की गुहार लगाते हुए केस दर्ज कराया था। उन्होंने धमकी दिए जा रहे फोन नंबर की जांच कर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की है। अशरफ अंसारी ने कहा कि इतनी बड़ी रकम किसी को देना मेरे बस की बात नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर फोन करनेवाले पर कड़ी कार्रवाई करे।

error: Content is protected !!