रेलवे साइडिंग पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ चलीं गोलियां, ट्रैक्टर चालक को मारी गोली, थमाया पर्चा,जांच में जुटी है पुलिस…

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र का शांत बांधडीह रेलवे साइडिंग मंगलवार को उस समय गोलियों की आवाज से गूंज उठा, जब बाइक सवार दो अपराधियों ने एक ट्रैक्टर चालक को दिनदहाड़े गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस इस मामले की जाँच में जुट गई है, जिसे सीधे तौर पर रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।पांच गोलियां दागने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए, लेकिन उन्होंने पीछे एक खौफनाक सुराग छोड़ा है। एक हाथ से लिखा हुआ पर्चा, जिस पर सीधे-सीधे धमकी दी गई है। यह पर्चा अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए ट्रैक्टर चालक की पहचान पाठकडीह निवासी जादू सहिस के रूप में हुई है। जिसे तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार जादू सहिस अपने ट्रैक्टर से मिट्टी उतारकर जाने की तैयारी में थे, तभी अपराधियों ने उसे रोका और पर्चा थमाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते वह गिर पड़े।

पुलिस को मिला यह पर्चा रंगदारी रैकेट की ओर साफ-साफ इशारा करता है। इस पर लिखा है, “महूदा-मोहुदीह EN के अंतर्गत आने वाला कोई भी ट्रेडर बिना बात किए जो भी ठेकेदार डालेगा, उसका अंजाम यहीं होगा। पर्चे के नीचे ‘त्यागी जी’ लिखा हुआ है। यह धमकी भरे लहजे वाला संदेश साफ बताता है कि अपराधी इलाके में काम करने वाले व्यापारियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने की फिराक में हैं और उनके नेटवर्क में दखलअंदाजी करने वालों को चेतावनी दे रहे हैं।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने तत्काल एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह मामला रंगदारी से संबंधित है या फिर व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता का। हालांकि पर्चे की बरामदगी से रंगदारी का एंगल सबसे मजबूत दिखाई दे रहा है।

एसपी ने इस संबंध में बताया कि घटनास्थल से एक पर्चा और पांच खोखा बरामद किया गया है।बांधडीह रेलवे साइडिंग में रेलवे के द्वारा बाउंड्री वॉल का काम कराया जा रहा था।वहां चालक ट्रैक्टर में मिट्टी लेकर पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उसे गोली मारी।चालक को पेट, कमर और पैर में 4 गोली लगी है।घटना के बाद रेलवे साइडिंग पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल चालक को बोकारो जनरल हॉस्पिटल पहुंचाया. रेलवे साइडिंग में पिछले 6 महीने से बाउंड्री वॉल का काम चल रहा था।

पुलिस ने पर्चे की लिखावट और घटनास्थल पर मौजूद अन्य सबूतों के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी ने उम्मीद जताई है कि बहुत जल्द अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग पुलिस से सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील कर रहे हैं।

error: Content is protected !!