खूँटी में पीएलएफआई के उग्रवादियों ने क्रशर प्लांट में की फायरिंग, मांगी 20 लाख की लेवी..
खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिला में एक बार फिर प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) ने अपनी मौजूदगी का अहसास कराते हुए पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। बुधवार देर रात संगठन के उग्रवादियों ने डुगडुगिया स्थित मेसर्स नितेश शारदा क्रशर प्लांट में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की और प्लांट कर्मियों को 20 लाख रुपये की लेवी मांगने वाला एक धमकी भरा पत्र सौंपा।लेवी नहीं देने पर फौजी कार्रवाई करने की धमकी भी दी गई है। यह पत्र पीएलएफआई के जोनल सदस्य राजेश यादव के नाम से जारी किया गया है।सूत्रों के अनुसार, दिनेश गोप की गिरफ्तारी और संगठन से जुड़े कई कुख्यात उग्रवादियों के मारे जाने के बाद पीएलएफआई की गतिविधियां लगभग समाप्त मानी जा रही थीं, लेकिन इस ताजा वारदात ने संगठन की फिर से सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी वरुण रजक और थाना प्रभारी मोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया और पीड़ित संचालक नितेश शारदा एवं कर्मचारियों के बयान पर एफआईआर दर्ज की।
डीएसपी वरुण रजक ने मीडिया से बातचीत में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीएलएफआई की संलिप्तता स्पष्ट है।जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस फायरिंग और लेवी मांगने की घटना से क्षेत्र के क्रशर संचालकों और कारोबारियों में दहशत फैल गई है।पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और नक्सलियों की तलाश तेज कर दी गई है।

