जामताड़ा में ज्वेलरी दुकान में लाखों की लूट और गोलीकांड के विरोध में सड़क पर उतरे व्यवसायी, सभी प्रतिष्ठानें बंद…

 

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा शहर में बुधवार की देर शाम बालाजी ज्वेलरी दुकान में भीषण डकैती और गोलीकांड के विरोध में गुरुवार को पूरे शहर के व्यवसायी सड़कों पर उतर आए और बाजार बंद रखा। छोटे से बड़े सभी प्रतिष्ठान बंद है और व्यवसायियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना रोष जताया।छोटी चाय की दुकान से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों के मालिक भी बंद के समर्थन में सड़क पर दिखाई दिए। दिन की छुट्टी के बावजूद बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और पूर्व नगर अध्यक्ष सह भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल भी व्यवसायियों का समर्थन करते हुए सड़क पर मौजूद थे। जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में दर्जनों व्यवसायी बंद का समर्थन करते हुए सड़क पर उतरे। जन आंदोलन को देखते हुए शहर के सभी चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मुख्य बाजार में भी पुलिस की विशेष टीम रखी गई।

बीच शहर में लूटपाट और गोलीबारी की घटना के बाद शहर में भय का माहौल भी देखा गया। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी भी देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह घटना निंदनीय है और बढ़ती आबादी व बेरोजगारी के कारण व्यवसायियों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया जाए और दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए।हालांकि अभी तक पुलिस की पकड़ से अपराधी दूर है।

error: Content is protected !!