पलामू:10 लाख का इनामी भाकपा माओवादी जोनल कमांडर सीताराम रजवार गिरफ्तार,गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ 50 से ज्यादा मामले दर्ज है..

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ लगातार सफलता मिल रही है। इसी क्रम में 10 लाख का इनामी भाकपा माओवादी जोनल कमांडर सीताराम रजवार उर्फ रमन रजवार गिरफ्तार कर लिया गया है।उसके पास से उसके सहयोगी राजेंद्र सिंह द्वारा लिखित चिट्ठी भी बरामद की गयी है।पूछताछ में माओवादी जोनल कमांडर सीताराम रजवार ने कई कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

बता दें झारखण्ड के डीजीपी अनुराग गुप्ता के निर्देश पर पूरे राज्य में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दिशा में पुलिस को सफलता भी मिल रही है।पलामू पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भाकपा माओवादी नितेश यादव अपने दस्ते के सीताराम रजवार और संजय यादव समेत अन्य के साथ झरगड़ा गांव से सटे झपिया पहाड़ के जंगल में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए रुका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस रेस हो गयी और टीम का गठन कर इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी।

पलामू के हुसैनाबाद थाना प्रभारी संजय कुमार यादव के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसके बाद छापेमारी की गयी। जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ नक्सली भाग निकले। इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम सीताराम रजवार बताया। ये 10 लाख का इनामी भाकपा माओवादी जोनल कमांडर निकला।बिहार के औरंगाबाद के सलैया का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पलामू की एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये जानकारी दी।

गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ पलामू जिले के विभिन्न थानों में 28 केस और बिहार के औरंगाबाद एवं गया जिले के विभिन्न थानों में 23 केस दर्ज हैं। इसके खिलाफ झारखण्ड-बिहार में कुल 51 केस दर्ज हैं।पुलिस की पूछताछ में उसने विभिन्न कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।