राँची में भीषण सड़क हादसा:पति-पत्नी,बेटा सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत…बेकाबू ट्रक ने ऑटो को रौंदा
राँची।राजधानी राँची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।पुरुलिया मार्ग पर बुधवार की रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें राँची के मौलाना आजाद नगर के रहने वाले शेख गयासुद्दीन, उनकी मां आयशा, पत्नी जरीना खातून और 12 वर्षीय बेटा अमन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।हादसे में गयासुद्दीन का रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक गयासुद्दीन अपने परिवार के साथ टेंपो से झालदा से राँची लौट रहे थे, जैसे ही वाहन अनगड़ा के चमघटी के पास पहुंचा, राँची की ओर से पुरुलिया जा रहे धान से लदा एक ट्रक तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आया और ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ऑटो को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया और फिर ऑटो पर चढ़ गया।
हादसे के बाद ट्रक भी कुछ दूर जाकर पलट गया।टक्कर के बाद ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला।गुरुवार की सुबह चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है।आगे की कार्रवाई जारी है।

