एसएसपी के निर्देश पर राजधानी राँची में चला बड़ा अभियान, देर रात अड्डेबाजी करने वालों पर गिरी गाज,70 से अधिक जगहों पर चला अभियान…
राँची।राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर बुधवार की रात राँची के लगभग सभी थाना क्षेत्रों में देर रात तक अड्डेबाजी और जुआ खेलने वाले लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान 70 से अधिक जगह पर छापेमारी की गई, जिसमें 183 लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई।
दरअसल,राँची में बुधवार की रात पुलिस ने अड्डेबाजी, सड़क पर शराब पीने वालों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। एसएसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ यह कार्रवाई की गई। इस अभियान में अरगोड़ा ,बरियातू , नामकुम, कांके, बिरला मैदान, विद्यानगर, नरकोपी, लालपुर, हरमू ,चुटिया,डोरंडा,नामकुम समेत करीब 70 स्थानों पर छापेमारी की गई।
इस दौरान दर्जनों लोग सड़क पर बेवजह शराब पीते और अड्डेबाजी करते पकड़े गए।बाद में सभी को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।कई स्थानों पर बेवजह जमा होकर अड्डेबाजी कर रहे युवकों को पुलिस ने खदेड़कर हटाया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगली बार अड्डेबाजी करते पकड़े जाने पर सीधे जेल भेजा जाएगा।
राजधानी में बुधवार की देर रात शुरू हुए इस अभियान की वजह से देर रात तक बेवजह अड्डेबाजी करने और सड़क पर शराब पीने वालों के बीच खलबली मच गई। कई जगह पर अत्यधिक शराब पीने वाले को हिरासत में लेकर विभिन्न थानों में भी रखा गया। उनका मेडिकल करवा कर ही उन्हें थाने से छोड़ा जाएगा।इससे पहले उनलोगों से बांड भी भरवाया जाएगा।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि बेवजह अड्डेबाजी करने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बक्सा नहीं जाएगा। रात के समय पुलिस को हर दिन विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास अड्डेबाजी की सूचना पुलिस को दें।उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसे स्थानों पर नशा, अवैध गतिविधियां और आपराधिक घटनाओं की साजिशें पनपती हैं।इसलिए अड्डेबाजी पर रोक लगाना अपराध नियंत्रण के लिए बेहद जरूरी है।पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
डोरंडा से प्रतिबंधित मांस बरामद
इधर, राँची के डोरंडा में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता पुलिस को हाथ लगी है।बुधवार की रात एक ट्रक प्रतिबंधित मांस के साथ पुलिस के द्वारा पकड़ा गया है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

