कोडरमा में अवैध खनन पर कार्रवाई,दो लोग गिरफ्तार, राइफल-कट्टा और कारतूस जब्त

 

 

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के ढाब थाना क्षेत्र के गोरियाडीह गांव में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में हरे पत्थर का अवैध खनन करते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि डीएफओ के निर्देश पर गुरुवार को यह कार्रवाई की गई। टीम को देखते ही खदान से कई लोग भाग निकले। पुलिस और वन कर्मियों ने गोरियाडीह निवासी सुदामा मिस्त्री और बसंत मांझी को पकड़ा।

मौके से एक ट्रैक्टर, कम्प्रेसर मशीन और बाइक जब्त की गई। साथ ही एक राइफल, एक देशी कट्टा, 15 जिंदा कारतूस और 6 खोखा कारतूस भी बरामद हुए। दोनों आरोपियों पर अवैध खनन और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

पूछताछ में पता चला कि यह अवैध खनन गिरिडीह के अरविंद रावत करवा रहा था। वह फिलहाल कोडरमा थाना क्षेत्र के इंदरवा गांव में रह रहा है। उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा रहा है। वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

बताते चलें कि बीते 30 मार्च को भी गोरियाडीह जंगल के इसी खादान में अवैध उत्खनन के खिलाफ ढाब थाना प्रभारी रवि पंडित छापेमारी करने गए थे, जहां अवैध उत्खनन में लगे लोगों द्वारा इनकी गाड़ी को घेरकर जमकर पत्थरबाजी की गई थी। इसके दौरान थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। इसके बाद अवैध उत्खनन में शामिल लोगों पर मामला दर्ज करते हुए अभी तक 10 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। इसमें जेल जाने वाले कपिल तुरी नामक एक व्यक्ति की जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान दो दिनों पूर्व ही मौत हो गई थी।

error: Content is protected !!