हत्या या खुदकुशी:पत्नी और प्रेमी ने मिलकर युवक की हत्या की…! पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी…
राँची।राजधानी राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक की हत्या का मामला सामने आया था। मृतक के पिता राजू वर्मा ने अपनी बहू पायल कुमारी और उसके प्रेमी निखिल कुमार पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या-110/25 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सहाबीर उरांव कर रहे हैं। दर्ज प्राथमिकी में राजू वर्मा के अनुसार,उनका बेटा सुमित कुमार उर्फ टकला अपनी पत्नी पायल के साथ इन्द्रपुरी रोड नंबर 1 में अशोक यादव के मकान में किराए पर रहता था। 27 फरवरी 2025 को पायल ने अपने प्रेमी निखिल के साथ मिलकर सुमित को नशा करवाया। फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। घटना के बाद पायल ने अपनी ननद काजल को फोन कर इसकी जानकारी दी। काजल ने मायके वालों को बताया उसके बाद परिवार के लोग जब पहुंचे तो सुमित का शव फांसी से लटका मिला। राजू वर्मा ने पुलिस से पायल और निखिल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।