छठ घाट पर चेन छिनतई…पुलिस की गिरफ्त में आई ओडिया बोलने वाली आधा दर्जन से अधिक महिलाएं
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा में छठ पूजा के दौरान स्थानीय लोगों ने चेन स्नैचिंग गिरोह को पकड़ा है गिरोह में 8 महिलाएं हैं, जो ओडिया भाषा बोलती हैं। इससे पहले टोटो से भाग रही गिरोह की सभी महिलाओं को राँची-पटना मुख्य मार्ग से पकड़ा गया हैं,ये चेन स्नैचिंग गिरोह कोडरमा के महतो अहरा स्थित छठव्रती महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनकर भाग रही थीं।फिलहाल, गिरोह की सभी महिलाओं और टोटो चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया हैं,जहां पुलिस इन महिलाओं से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।स्थानीय लोगों ने बताया कि जब चेन स्नैचिंग की घटना घटी तो कौतूहल मच गया। जिसके बाद स्नैचर की पहचान होने लगी।इसी दौरान कुछ महिलाएं घटनास्थल से टोटो से भागने लगी, जिसके बाद पीछा कर महिलाओं को पकड़ा गया।
स्थानीय गुड्डू सिंह ने बताया कि पकड़ी गई सभी महिलाएं ओडिया बोलती हैं और स्थानीय नहीं हैं।इन महिलाओं के ग्रुप से सोने की चेन कटिंग करने वाला कटर और छठ घाटों से महिला की चुराई गई चेन को बरामद किया गया है।फिलहाल हिरासत में ली गई महिलाओं से पुलिस यह जानने में जुटी है कि इससे पहले हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में इनकी क्या संलिप्ता रही हैं?
बता दें कि इससे पहले कोडरमा के भीड़भाड़ वाले इलाके झुमरी तिलैया के झंडा चौक पर इंदरवा बस्ती निवासी बिंदु देवी के साथ चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी, जब वह छठ की खरीदारी के लिए भीड़ वाली जगह पर थी, उनके गले की सोने की चेन पर पकड़े गए गिरोह की महिलाओं ने हाथ साफ किया था।चेन स्नैचिंग की घटना का शिकार महिला बिंदु देवी ने पुलिस हिरासत में ली गई गिरोह की दो महिलाओं की पहचान कर ली है।
थाना प्रभारी ने बताया कि छठ घाट से चेन स्नैचिंग कर भाग रही कुछ महिलाओं को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। फिलहाल घटना को लेकर हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है कि इससे पहले चेन स्नैचिंग की घटनाओं में गिरोह की क्या संलिप्ता रही है।

