चतरा:लापता छात्र निखिल सुबह-सुबह सकुशल मिला..परिजनों और पुलिस ने ली राहत की सांस..
चतरा।झारखण्ड के चतरा शहर में बिंड मुहल्ला माली टोला से लापता हुए 12 वर्षीय छात्र निखिल कुमार आखिरकार सकुशल मिल गया।उसके सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही परिजनों और मुहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली। निखिल के मिलने से पूरे इलाके में खुशी का माहौल बन गया। निखिल कुमार के पिता का नाम कृष्णा मालाकार है। निखिल शनिवार की सुबह पढ़ाई करने के लिए दीवानखाना स्कूल गया था, लेकिन वह घर वापस नहीं लौटा। दोपहर लगभग 12 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोग उसकी खोजबीन में जुट गए।
रविवार की सुबह करीब छह बजे निखिल कुमार चतरा के गंदौरी मंदिर के पास देखा गया वह वहां किसी बस से कहीं जाने के लिए पहुंचा था इसी दौरान वहां मौजूद एक बस कंडक्टर ने उसे पहचान लिया।कंडक्टर ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दे दी सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।इसके बाद निखिल को अपने साथ घर ले जाया गया।उसके सकुशल मिलने के बाद परिवार के लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
निखिल के घर लौटते ही उसे देखने के लिए मुहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। लोग लगातार उसके हालचाल जानने के लिए उसके घर पहुंचते रहे।हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि निखिल पूरी रात कहां रहा और वह घर से दूर कैसे पहुंच गया।परिजनों का कहना है कि बच्चे के सुरक्षित मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है रातभर वे बेहद परेशान रहे और लगातार उसकी तलाश करते रहे।
निखिल के लापता होने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में काफी आक्रोश देखा गया। बच्चे की जल्द खोजबीन की मांग को लेकर लोगों ने केशरी चौक पर सड़क जाम कर दिया था।यह जाम शनिवार की रात करीब 11 बजे से शुरू हुआ और लगभग तीन घंटे तक जारी रहा।रात दो बजे तक सड़क जाम रहने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।इससे राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जाम कर रहे लोगों से बातचीत की।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को बच्चे की जल्द तलाश करने का भरोसा दिलाया।पुलिस ने कहा कि पूरी गंभीरता से बच्चे की खोजबीन की जा रही है।इसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया और सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका।
निखिल के लापता होने की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी।पुलिस टीम रातभर उसकी तलाश में लगी रही। परिजनों ने भी थाना में आवेदन देकर निखिल के लापता होने की जानकारी दी थी।बच्चे की खोजबीन में सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, एएसआई रवि रंजन समेत कई पुलिसकर्मी लगातार लगे हुए थे। अंततः रविवार सुबह निखिल के मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चा घर से निकलकर कहां गया था और पूरी रात कहां रहा। फिलहाल उसके सुरक्षित मिलने से परिवार और पुलिस दोनों को बड़ी राहत मिली है।

