लातेहार:बाइक और स्कूटी अनियंत्रित,दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल,रिम्स रेफर
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर किया गया है।
पहली घटना बारियातू-फुलसु मार्ग पर लाटू ग्राम के पास सहेदा मोड़ के पास हुई। फुलसु बाजार से अपने घर होजर गांव लौट रहे नरेश गंझु (40) और बिगन गंझु (35) की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर ने नरेश गंझु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बिगन गंझु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे राँची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
वहीं, दूसरी घटना बालूमाथ-लातेहार मार्ग पर पकरी ग्राम के पास हुई, जहां एक स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में धौरा टोला, बालू पंचायत निवासी सुरेंद्र भगत (18) की मौत हो गई। सुरेंद्र उच्च विद्यालय, बालू में इंटर का छात्र था।जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र भगत बालूमाथ से मेला देखकर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। कोठाटांड़ के पास उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

