फ्लैट दिलाने के बहाने अपहरण व उगाही,राँची निवासी से लाखों की ठगी और धमकी
राँची।फ्लैट दिलाने के नाम पर राँची के एक व्यक्ति को कोलकाता बुलाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और लाखों रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। इस मामले में लालपुर थाने में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित धनपति महतो ने बताया कि घटना के बाद से वे मानसिक आघात में हैं और आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित के अनुसार उनकी मुलाकात मनीषा त्रिपाठी से हुई थी, जिसने कोलकाता में फ्लैट दिलाने का भरोसा दिया। 7 फरवरी 2026 को वे कोलकाता के होटल गोल्डन पार्क में ठहरे थे, जहां मनीषा त्रिपाठी एक व्यक्ति भोवन पटेल के साथ पहुंची और फ्लैट दिखाने के बहाने उन्हें एक स्थान पर ले गई। वहां कमरे में बंद कर पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, मोबाइल और एटीएम कार्ड छीन लिया तथा आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर 8 लाख रुपये की मांग की।
आरोप है कि पीड़ित के बेटे प्रकाश महतो को फोन कर पैसे का दबाव बनाया गया। बेटे को राँची स्थित पीपी कम्पाउण्ड आईडीएफसी बैंक के पास बुलाकर सोने की दो चेन, जिनकी कीमत लगभग 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है, ले ली गई। इसके बाद भी आरोपियों ने पीड़ित से एक लाख रुपये और मांगे, आधार और पैन कार्ड अपने कब्जे में ले लिए तथा कई सादे कागजात पर जबरन हस्ताक्षर कराए। बाद में उन्हें कोलकाता के एक होटल में छोड़ दिया गया।
धनपति महतो ने बताया कि इलाज के बाद 8 फरवरी 2026 को वे राँची लौटे, लेकिन इसके बाद भी मनीषा त्रिपाठी द्वारा फोन कर 3 लाख रुपये की मांग की जा रही है और वीडियो वायरल करने तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। 10 फरवरी 2026 को एक अन्य मोबाइल नंबर से भी लगातार धमकियां मिलने की बात कही गई है। पीड़ित ने कहा कि घटना से वे भयभीत और आघात में हैं, जिसके कारण तुरंत थाना में सूचना नहीं दे सके। मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।

