जामताड़ा पुलिस के हत्थे चढ़ा दो शातिर बाइक चोर…चोरी के एक दर्जन बाइक बरामद…

जामताड़ा।झारखण्ड में जामताड़ा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। सोमवार को प्रेसवार्ता में जामताड़ा एसपी राज कुमार मेहता ने बताया कि जामताड़ा थाना क्षेत्र में बढ़ती मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।यह विशेष टीम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित की गई थी, जिसमें जामताड़ा थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम को मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करने का जिम्मा सौंपा गया था। रविवार शाम को टीम जामताड़ा के पोसोइ मोड़ के पास नारायणपुर की ओर से आने वाली मोटरसाइकिलों की सघन जांच कर रही थी।इसी दौरान शाम करीब 6 बजे एक काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (जेएच 21 एल 6959) पर दो व्यक्ति नारायणपुर की तरफ से आ रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति बाइक से कूदकर खेत की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।

हालांकि, मोटरसाइकिल चला रहा व्यक्ति पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान नारायणपुर निवासी मकसूद अंसारी उर्फ बहिरा, पिता हारून अंसारी के रूप में बताई। उसने यह भी बताया कि भागने वाला उसका साथी नारायणपुर निवासी जैनुल अंसारी उर्फ नचनियां था।मकसूद अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह और जैनुल अंसारी मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते हैं। उसने यह भी कबूल किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को करमाटांड़ निवासी सहाबुद्दीन अंसारी और सुकदुडीह निवासी बकरीद मियां को बेचते थे। पुलिस ने मकसूद की निशानदेही पर सहाबुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया।पूछताछ के बाद चोरी की 12 अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। जिस मोटरसाइकिल पर मकसूद पकड़ा गया था, वह भी चोरी की निकली।

error: Content is protected !!