पलामू में युवक की धारदार हथियार से हत्या,बाप पर बेटे को जान से मारने का आरोप,बाप फरार…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर में सूरज ठाकुर नामक युवक की टांगी से गला काट कर हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप मृतक के पिता पर ही लगा है।घटना के बाद से सूरज के पिता अमित ठाकुर फरार है।दरअसल, सूरज ठाकुर और उसके पिता अमित ठाकुर घर में एक साथ सोए हुए थे।रविवार की सुबह परिजनों ने देखा कि सूरज की टांगी से गला काट कर हत्या कर दी गई है, जबकि पिता अमित ठाकुर फरार है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पांकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले में छानबीन शुरू कर दी।मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि पिता ने ही सूरज ठाकुर की गला काटकर हत्या कर दी है। कुछ वर्ष पहले सूरज ठाकुर की मां लापता हो गई थी।लापता होने के बाद पिता अमित ठाकुर मानसिक रूप से कमजोर हो गया था।आशंका जताई जा रही है कि पत्नी के कारण ही अमित ठाकुर ने अपने बेटे सूरज ठाकुर की गला काटकर हत्या कर दी है।
घटना के संबंध में पांकी सर्किल इंस्पेक्टर पूनम टोप्पो ने बताया कि परिजनों ने पिता पर ही हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।वहीं पांकी के थाना प्रभारी राजेश कुमार रंजन ने बताया कि परिजनों ने पिता पर ही हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी पिता सुबह के समय ही जंगल की तरफ भाग गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

