#Ranchi:सीएम का काफिला रोकने और सड़क जामकर हंगामा मामले में भैरव सिंह ने कोर्ट में किया सरेंडर,कोर्ट ने सशर्त दी 7 दिनों का पुलिस रिमांड

राँची।सीनियर डिवीजन ज्यूडिशल मजिस्ट्रेट अभिषेक प्रसाद की कोर्ट ने भैरव सिंह को 7 दिनों के पुलिस रिमांड दिया है। सरेंडर करने के बाद सुखदेव नगर थाना पुलिस द्वारा 14 दिनों की रिमांड की मांग की गई थी लेकिन अदालत ने पुलिस की मांग को ठुकराते हुए 7 दिन के रिमांड की स्वीकृति दी। इस दौरान पुलिस घटना के बारे आरोपी से पूछताछ करेगी।रिमांड अवधि में दो बार मेडिकल चेकअप और परिजनों,उसके वकीलों को मिलने की इजाजत दी है।गौरतलब है कि बीते सोमवार किशोरगंज चौक के पास सीएम के काफिले को कुछ लोगों ने रोकने का प्रयास किया था। किशोरगंज में ओरमांझी में सिर कटी लाश को लेकर आंदोलन कर रहे युवाओं ने सीएम के काफिले को रोकने की कोशिश की थी। इसमें यातायात थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह घायल हो गए थे। इस मामले में 50 से ज्यादा लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया था।जिसमें दो दर्जन से ज्यादा लोगों को बुधवार को जेल भेज दिया था।

आज सुबह कोर्ट में सरेंडर किया

सीएम के काफिले रोकने और सड़क पर हंगामा के मामले का मुख्य आरोपी भैरव सिंह ने गुरुवार को सरेंडर कर दिया है। भैरव सिंह ने राँची सिविल कोर्ट के न्यायाधीश अभिषेक प्रसाद की अदालत में सरेंडर किया। इसके बाद अदालत ने उसे 14 न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।इधर सुखदेवनगर थाना पुलिस ने 14 दिनों की रिमांड मांगने की तुरन्त पिटिशन दी।जिसके बाद कोर्ट ने 7 दिनों का रिमांड दिया है। राँची के किशोरगंज चौक पर CM के काफिले रोकने मामले में 72 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। इनमें 26 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। लेकिन इस हमले का प्रमुख अभियुक्त भैरव सिंह अभी तक फरार चल रहा था। एफआईआर होने के बाद इस बात की आशंका थी कि वह सरेंडर कर सकता है। कोर्ट परिसर में सुबह से ही पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गयी थी।लेकिन पुलिस देखती रह गई और भैरव सिंह ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

अपनी बहन के लिए सड़क पर उतरा था

कोर्ट से जेल ले जाने के क्रम में भैरव सिंह ने बताया कि उसका मुख्यमंत्री के काफिले रोकने या अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। वह ओरमांझी में हुई घटना के बाद बहन को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरा था। उसने कहा कि अपराधी खुले आम सड़क पर घूम रहे हैं और सरकार आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर रही है।

पहले ही पूरी हो चुकी थी सरेंडर की प्रक्रिया

सिविल कोर्ट में काफी देर तक लुकाछिपी का खेल चलता रहा। कोर्ट परिसर में कोतवाली एएसपी और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच भैरव सिंह ने कोर्ट के सामने सरेंडर किया। सरेंडर से जुड़ी हुई प्रक्रियाओं को पहले ही पूरा कर लिया गया था।