लोहरदगा में बालू माफियाओं ने अवैध परिवहन रोकने पर सेन्हा सीओ पर किया जानलेवा हमला,वाहन में तोड़फोड़…
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिला में बालू माफियाओं का दुस्साहस चरम पर है। बालू के अवैध परिवहन को रोकने पर दर्जन भर लोगों ने सेन्हा सीओ पर जानलेवा हमला किया है।इस घटना में सीओ के वाहन का शीशा टूट गया है। सीओ ने घटना को लेकर सेन्हा थाना में तीन नामजद और दस अज्ञात महिला-पुरुष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सेन्हा थाना पुलिस मामले में जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना के समय सीओ के साथ होमगार्ड के कुछ जवान भी थे।बताया जाता है कि सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरकी-सेन्हा पथ में नूरी सराय पुल के समीप सीओ पंकज कुमार भगत पर गुरुवार अपराह्न हमला हुआ है। सीओ ने थाना में आवेदन देकर कहा है कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुवार को अवैध डंपिंग यार्ड से अवैध बालू का उठाव हो रहा है।जिस पर वह वहां पहुंचे तो सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी मुसरत जहां एवं छोटे पुत्र राशिद अंसारी सहित 10 अज्ञात महिला-पुरुष ने हमला कर दिया। साथ ही उनके द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू को अनलोड कर ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए।
सीओ ने कहा है कि लाठी-डंडा, बेलचा से उन्होने उनके साथ मारपीट भी की। उन लोगों ने ईंट से उनके वाहन के शीशा पर हमला किया। जिससे वाहन का शीशा टूट गया। इसके बाद भी उन लोगों ने उन्हें रोक कर उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। साथ ही झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। जिसके बाद सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची तो सभी भाग गए।
सीओ पंकज कुमार भगत के आवेदन पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 में सरकारी कार्य में बाधा, धमकी, हमला करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की है। सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

