झारखण्ड में 800 करोड़ के जीएसटी घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई…राँची सहित आठ जगहों पर छापेमारी
राँची।झारखण्ड में 800 करोड़ के जीएसटी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने गुरुवार की सुबह से ही राँची, सरायकेला व कोलकाता से जुड़े आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। ईडी के अनुसार झारखण्ड के आठ स्थानों पर छापेमारी की गई है।
इस केस में ईडी ने आरोपियों के कागजी कंपनियों के 10 बैंक खातों में जमा 60 लाख रुपये जब्त किए थे। ईडी ने जीएसटी घोटाले में कुल चार आरोपी को गिरफ्तार किया था।इनमें कोलकाता का कारोबारी शिवकुमार देवड़ा, जमशेदपुर के जुगसलाई का विक्की भालोटिया, कोलकाता का कारोबारी अमित गुप्ता व मोहित देवड़ा शामिल थे।
सभी वर्तमान में राँची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं। ईडी ने सभी आरोपी से रिमांड पर पूछताछ की थी। पूछताछ में मिली नई जानकारी के आधार पर ईडी ने गुरुवार को छापेमारी शुरू की है।
राँची में भी ईडी की टीम एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करने पहुंची है। ईडी की एक टीम पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट के चौथे फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट के अलावा अन्य पांच जगहों की तलाशी ले रही है।

