दो पत्नियों के विवाद में पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर फरसे से किया हमला, फिर उसने खुद कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र स्थित सेवटा रजवार टोला में शुक्रवार को दो पत्नियों के विवाद में पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर फरसे से हमला कर दिया। फिर उसने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा आत्महत्या कर ली।मृतक के पुत्र और अन्य लोगों के सहयोग से घायल महिला को तत्काल स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स भेज दिया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि शुक्रवार को सेवटा रजवार टोला निवासी 60 वर्षीय राजू रजवार की दूसरी पत्नी 50 वर्षीय शांति देवी बर्तन धो रही थी। राजू रजवार ने पीछे से शांति देवी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर फरसे से वार कर दिया। हालांकि किस बात को लेकर विवाद हुआ, पुलिस इसे पता करने में जुट गई है।गंभीर रूप से घायल शांति देवी की चीख-पुकार सुन उनका पुत्र राहुल व पड़ोस के लोग पहुंचे। तत्काल उन्हें स्थानीय अस्पताल ले गए। उसकी गंभीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स,राँची रेफर कर दिया है।
इधर, घटना के बाद राजू रजवार ने अपने कमरे को बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार राजू पेशे से राजमिस्त्री था। उसकी दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी फूलमती देवी अपने बच्चों के साथ अलग रहती है।