एंबुलेंस से अवैध शराब की तस्करी का खुलासा,एम्बुलेंस से शराब बरामद,चालक गिरफ्तार
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में अवैध शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है,जहां एंबुलेंस का इस्तेमाल शराब तस्करी में किया जा रहा था।टुंडी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस पूरे खेल का भंडाफोड़ किया है इसकी जानकारी टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने दी।थाना प्रभारी ने बताया कि थाना गेट के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध एंबुलेंस (UP16AT-1910) को रोका। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।एंबुलेंस में मरीज या चिकित्सा उपकरण नहीं, बल्कि भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब लदी हुई थी।
पुलिस ने एंबुलेंस से कुल 33 पेटी शराब बरामद की है। जिसमें विभिन्न कंपनियों की कुल 885 शराब की बोतलें रखी थी। इस मामले में पुलिस ने एंबुलेंस चालक प्रकाश रवानी को गिरफ्तार कर लिया है। चालक बलियापुर थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ का निवासी है।
थाना प्रभारी उमाशंकर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अवर निरीक्षक कृष्णा पाहन, सुधीर कुमार, कन्हैया लाल मंडल और उपेंद्र यादव ने अहम भूमिका निभाई।थाना प्रभारी ने कहा कि यह सिर्फ एक कड़ी है और इसके पीछे एक बड़ा संगठित शराब तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।पुलिस तमाम बिंदुओं पर आगे की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।थाना प्रभारी ने दावा किया कि जल्द ही इस सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

