हजारीबाग के बरही में भीषण सड़क दुर्घटना,आसनसोल के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 6 घायल…
हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के बरही थाना अंतर्गत पंचमाधव गंगटाही पुल के पास बुधवार सुबह एक स्विफ्ट कार (संख्या डब्लू बी 44ए 0415) फोरलेन सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। मृतकों में आसनसोल कुल्टी निवासी श्रीनाथ यादव की 55 वर्षीय पत्नी पूनम देवी, 40 वर्षीय पुत्र जय भगवान यादव तथा 10 वर्षीय बच्ची अंशिका कुमारी शामिल हैं।
घायलों में श्रीनाथ यादव का 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र यादव, जय भगवान यादव का 12 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार, 10 वर्षीय अभिराज कुमार, 8 वर्षीय मृत्यंजय कुमार, जयभगवान यादव की पत्नी कौशल्या देवी और 24 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी शामिल हैं।
सभी घायलों का इलाज बरही अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया, जहां से पांच घायलों को बेहतर इलाज को हज़ारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया। इनमें धर्मेंद्र यादव और शिवम कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि सभी एक ही परिवार के लोग हैं जो आसनसोल कुल्टी से बिहार शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

तेज रफ्तार में थी कारः प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार का चालक लंबे सफर से थका हुआ था और संभवतः उसे झपकी लग गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। सड़क पर स्किड मार्क और कार की स्थिति से भी वाहन की तेज रफ्तार का अनुमान लगाया जा रहा है।हादसे की सूचना मिलते ही बरही के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

