हाइवा ने पांच वर्षीय बच्ची को कुचला,मौके पर मौ’त,आक्रोशित लोगों ने पांच घंटे किया सड़क जाम

 

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले में पाकुड़-हिरणपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गयी। यह घटना सोनाजोड़ी गांव के समीप उस समय हुई जब बच्ची अपने दादा के साथ घर लौट रही थी।मृतक बच्ची की पहचान सोनाजोड़ी नीचे टोला निवासी साना खातून के रूप में हुई है। बच्ची के दादा मुस्तफा अंसारी के अनुसार वे अपनी पोती को लेकर सोनाजोड़ी मोड़ से नीचे टोला की ओर जा रहे थे।इसी दौरान एक हाइवा (संख्या बीआर 3 जीसी/2319) तेज रफ्तार से हिरणपुर की दिशा से पाकुड़ की ओर आ रहा था।अचानक हाइवा उनकी ओर मुड़ गया और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये और गुस्से में आकर पाकुड़-हिरणपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।यह जाम लगभग पांच घंटे तक जारी रहा। प्रशासन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया और नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन लोग अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।ग्रामीणों की प्रमुख मांग थी कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाया जाये और नो एंट्री के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगे।लंबे समझौते और आश्वासन के बाद आखिरकार जाम को हटाया गया।

अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया ने बताया कि मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की गयी है।साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित अन्य मुआवजा राशि भी जल्द दी जायेगी।उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों की मांग पर एसडीओ से बातचीत की गयी है और जल्द ही सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाया जायेगा।घटना के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया गया।वाहन को जब्त कर लिया गया है।थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।कई बसें, दोपहिया और चारपहिया वाहन घंटों तक फंसे रहे। खासकर पाकुड़ से दुमका जाने वाली बस भी इस जाम में फंस गयी थी।लोगों को गर्मी और भीड़ के बीच काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

error: Content is protected !!