खूंटी में कानू मुंडा को बेरहमी से मारने वाले सीनू का सिर और धड़ बरामद,जमीन खोदकर निकाला शव…
राँची/खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में कानू मुंडा हत्याकांड के आरोपी सीनू पूर्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है।उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।सिर और धड़ को जमीन में अलग-अलग जगहों पर दफन किया गया था।मुरहू पुलिस ने बुधवार देर शाम आरोपी का सिर और धड़ जमीन खोदकर बरामद किया है।दरअसल, इसी शख्स पर कानू मुंडा की बेरहमी से हत्या का आरोप था।जांच में बात सामने आई थी कि मरने से पहले कानू ने कहा था कि एक बार में मार देना लेकिन हत्यारों ने गला रेतकर हत्या की थी और तपकरा के गोपला जंगल में धड़ को जबकि मुरहू के पेलोल डैम के किनारे दुलवा टोंगरी में सिर को दफना दिया था।
यह मामला 2 दिसंबर 2022 का है।खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र के इठे गांव निवासी दसाय मुंडा ने मुरहू थाना में 2 दिसंबर को आवेदन देकर अपने बेटे कानू मुंडा के अपहरण होने का मामला दर्ज कराया था। आवेदन में कहा गया था कि कानू मुंडा का उसके चचेरे भाई सागर मुंडा और उसके दो अज्ञात साथियों ने अपहरण कर लिया।घर वालों ने कानू मुंडा की पूरे इलाके में तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उस वक्त जिले के प्रभारी एसपी नौशाद आलम के निर्देश पर पूर्व डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित कर मामले की जांच कराई गई थी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था।
निशानदेही पर युवक का शव बरामद हुआ था और जघन्य हत्याकांड का खुलासा हुआ था। इस घटना से पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। इसी हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें सागर मुंडा (चचेरा भाई), सीनू (कानू का भाई), अमरजीत पूर्ति, जय मसीह ओडेया, अनमोल टूटी और चांदमुनी गुड़िया शामिल थे। चांदमुनी कानू की भाभी थी और हत्यारे सागर मुंडा की पत्नी। कानू मुंडा का चचेरा भाई सागर मुंडा पूर्व का अपराधी रहा था और कई मामलों में पूर्व में जेल भी जा चुका था।कानू मुंडा हत्याकांड में शामिल अपराधियों से सागर की जेल में ही जान पहचान हुई थी।
पिछले 2 दिसंबर को मृतक सीनू मुंडा के लापता होने की शिकायत मृतक की बहन मांगी कुमारी ने मुरहू पुलिस को लिखित में दी थी। 3 दिसंबर को दोपहर को सूचना मिली कि खेत में किसी अज्ञात का शव दफन हैं. थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा, सीओ शंकर विद्यार्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को जमीन खोदकर बाहर निकाला।उसके बाद परिजनों ने शव की पहचान सीनू मुंडा के रूप में की।फिलहाल यह मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा दिख रहा है।
मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा ने बताया कि यह मामला पूर्व में हुए एक हत्याकांड से जुड़ा हो सकता है।क्योंकि जिस तरीके से कानू की हत्या हुई थी उसी तरह सीनू पूर्ति की भी हत्या कर दी गई है। 2 दिसंबर 2022 को कानू की हत्या और दो दिसंबर 2025 को आरोपी की हत्या।कहा जा रहा है कि बदले की भावना से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।

