फल व्यवसायी की घर में मिली लाश…हाथ-पांव बंधे और मुंह पर लगा था टेप, लूटपाट के उद्देश्य से हत्या की आशंका

​​​​​​​

साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज में नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तालबन्ना मुहल्ले में मंगलवार सुबह लगभग सत्तर वर्षीय वृद्ध विश्वनाथ गुप्ता का शव उनके घर से बरामद हुआ। वो फल व्यवसायी थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।उनके तीन मंजिला मकान में शव के हाथ-पांव बंधे और मुंह पर टेप लगा मिला। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, जीरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, गंगा नदी थाना प्रभारी लव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।बाद में मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा भी दल-बल के साथ पहुंचे और पूरी घटना की बारीकी से जांच की।डीएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव की पहचान विश्वनाथ गुप्ता के रूप में हुई है। वो घर में अकेले ही रहते थे। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका प्रबल है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर सभी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।इधर, बेंगलुरु में रह रहे मृतक के पुत्र संतोष गुप्ता ने फोन पर बताया कि उनके पिता की हत्या लूटपाट के उद्देश्य से की गई होगी। क्योंकि उनके पास पुश्तैनी संपत्ति थी। घर की अलमारी का दरवाजा भी टूटा मिला है। परिवार ने भी हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!