पहाड़ी पर 4 बच्चे बेर तोड़ने गए थे,बेर तोड़ने के दौरान एक बच्चा अवैध खंता में गिर गया,खंता की गहराई 80 से 100 फीट है…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में सीसीएल गिरिडीह कोलियरी इलाके के सात नंबर पहाड़ी में बेर तोड़ने के दौरान फिसलने से एक बच्चा अवैध खंते में गिर गया है।घटना आज यानी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घटी है।अवैध खंते की गहराई 80 से 100 फीट के करीब है।खंता में गिरने वाला बच्चा सीसीएल क्षेत्र के पेसराबहियार निवासी घुसरू भुइयां का 12 वर्षीय पुत्र करण भुइयां है।घटना की सूचना पर सीसीएल गिरिडीह के जीएम बासब चौधरी, पीओ एस के सिंह और मुफ्फसिल थाना प्रभारी कमलेश पासवान दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं।ग्रामीणों के प्रयास से बच्चे का रेस्क्यू किया जा रहा है।रस्सी व झगड़ के सहारे बच्चे को निकालने की कोशिश की जा रही है।समाचार लिखे जाने तक बच्चे का रेस्क्यू जारी था।

करण अपने चार दोस्तों के साथ पहाड़ पर बेर तोड़ने निकला था।सभी बच्चे गिरिडीह पेसराबहियार के ही हैं और सभी की उम्र 10 से 12 साल के करीब है।करण के साथ जो बच्चे गए थे, उनमें 12 वर्षीय शिवम कुमार (पिता बबलू दास), 10 वर्षीय नीतीश कुमार (पिता मंगरा भुईयां) और 12 वर्षीय कुंदन कुमार (पिता स्व लंका भुइयां) शामिल है।

करण के दोस्तों ने बताया कि अवैध खंता में गिरने के बाद करण ने बचाओ-बचाओ चिल्लाना शुरू किया,जहां अवैध खंता था, वहां चारों ओर झाड़ी थी।दोस्तों ने बताया कि करण के गिरने के बाद वे लोग पहाड़ी से मुख्य सड़क पर गए और लोगों को जानकारी दी।इसके बाद ग्रामीण पहाड़ी पर पहुंचे और करण को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।