झारखण्ड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन नहीं लेंगे संन्यास, बनाएंगे नयी पार्टी,समर्थकों को किया सम्बोधित…

 

सरायकेला। झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने साफ कर दिया है कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे।उन्होंने कहा कि वह अलग पार्टी बनाएंगे।अगर कोई साथी मिला, तो उसके साथ आगे बढ़ेंगे।इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने चंपाई सोरेन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा- दादा आप आगे बढ़ें, हम आपके साथ हैं।चंपाई सोरेन आगे बढ़ें, हम आपके साथ हैं।झारखण्ड टाईगर जिंदाबाद के नारे भी लोगों ने लगाए।

मंगलवार को देर रात कोलकाता से लौटने के बाद बुधवार को उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले में स्थित अपने पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा में एक सभा को संबोधित किया।जिलिंगगोड़ा गांव के उत्क्रमित फुटबॉल ग्राउंड में भारी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कोलकाता से लौटने के बाद उनकी बहुत से लोगों से बातचीत हुई।कल रात भी 5000 से अधिक लोगों के साथ यहीं चौक पर बातचीत की इसके बाद यह फैसला लिया है।

झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उन्होंने तय कर लिया है कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे। अगर आदिवासियों और दलितों के हित की बात करने वाला कोई साथी मिलेगा, तो उनके साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि जब मैं कुछ भी नहीं था, तब भी यहां के मजदूरों के हक में आवाज बुलंद करता था। उनकी लड़ाई लड़ता था।

इससे पहले मंगलवार की रात को उन्होंने कहा था कि उन्होंने एक बार तय किया था कि वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। लेकिन, उनके समर्थकों के उत्साह को देखते हुए अब उन्होंने तय किया है कि संन्यास नहीं लेंगे। जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कोलकाता से लौटते समय जगह-जगह रुककर अपने समर्थकों के साथ बातचीत की और उसके बाद इस फैसले पर पहुंचे कि वह राजनीति में सक्रिय रहेंगे।समान विचारधारा वाले दल के साथ काम करेंगे।

झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखण्ड आंदोलनकारी चंपाई सोरेन ने झारखण्ड मुक्ति मोर्चा से इस्तीफा देने के बाद अपने अगले कदम का ऐलान कर दिया है। उन्होंने साफ कह दिया है कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे। अपनी पार्टी बनाएंगे और जनता की सेवा करेंगे।

चंपाई सोरेन सरायकेला-खरसावां जिले के अपने पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा में हैं।बुधवार को उन्होंने एक सभा को संबोधित किया और अपने राजनीतिक कदम के बारे में बताया।झारखण्ड मुक्ति मोर्चा को अलविदा कहने के बाद चंपाई सोरेन का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा? सभी को इसका इंतजार था। चंपाई सोरेन ने साफ कर दिया है कि वह अलग पार्टी बनाएंगे और समान विचारधारा वाली पार्टी के साथ आगे बढ़ेंगे।