झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को किया गया हाउस अरेस्ट,रिम्स-2 की जमीन पर चलाने वाले थे हल…
राँची।जिले के कांके नगड़ी में बनने वाले रिम्स-2 की प्रस्तावित जमीन पर हल चलाने के लिए नगड़ी जाने से पहले पुलिस ने झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को हाउस अरेस्ट कर लिया है।डीएसपी केवी रमण ने इसकी पुष्टि की है।डीएसपी ने बताया कि विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधात्मक कार्रवाई के तहत उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है।फिलहाल वह अपने आवास से बाहर नहीं निकल सकेंगे।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शाम 5 बजे तक पूर्व सीएम को हाउस अरेस्ट किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अपने आवास पर ही समर्थकों के साथ बैठे हुए हैं।उन्होंने बताया कि डीएसपी ने घर पर आकर उनसे कहा है कि वह अपने आवास से बाहर नहीं निकल सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका विरोध RIM-2 के निर्माण से नहीं है बल्कि आदिवासियों की जमीन बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि राँची में ही कई जगहों पर सरकारी और कम उपजाऊ जमीन है, उस पर भी रिम्स-2 बन सकता है रिम्स-2 के जमीन को लेकर उनका विरोध और आंदोलन जारी रहेगा।चंपाई सोरेन ने कहा कि उन्होंने बहुत आंदोलन किया है।यह भी आंदोलन का हिस्सा है कि पुलिस हमें अपने आवास से नहीं निकलने दे रही है।
चंपाई सोरेन ने कहा कि शनिवार रात से ही राँची आ रहे लोगों को जगह-जगह से पुलिस ने हिरासत में लिया है या रोक दिया है।उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को भी राँची में प्रवेश करने से पहले हिरासत में लिया गया है।नगड़ी में किसानों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

