गढ़वा:प्रेम-प्रसंग और बदले की भावना में की गई थी फायरिंग, पुलिस ने एक अपराधी को किया गिरफ्तार

 

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र के करमडीह चौक पर 10 जुलाई को हुई गोलीकांड का गढ़वा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।साथ ही गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर अवैध हथियार और गोलियां भी बरामद की गई हैं।इसकी पुष्टि गढ़वा एसडीपीओ नीरज कुमार ने की है।

एसडीपीओ ने बताया कि पूरा मामला प्रेम प्रसंग और प्रतिशोध से जुड़ा हुआ है।जिसमें एक प्रेमी की मौत के बाद उसका दोस्त अब लड़की के पिता की जान लेने पर उतारू है।पुलिस ने मुख्य आरोपी शेख लड्डू को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में इस गोलीकांड की जड़ में एक अधूरी प्रेम कहानी निकल कर सामने आई है।घटना की शुरुआत कुछ महीने पहले हुई थी जब समीम खान का बेटा अफजल खान, साकिब खान की बेटी से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार वालों ने इस रिश्ते से इंकार कर दिया था।इसके कुछ दिनों बाद ही अफजल की लाश मुंबई में रेलवे ट्रैक पर मिली थी।परिजन और दोस्तों को शक था कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि साजिशन अफजल की हत्या की गई है।अफजल के दोस्तों और परिजनों को शक था कि लड़की के पिता साकिब खान ने ही अफजल की हत्या की है।

इस आक्रोश और बदले की भावना से भरे अफजल के करीबी दोस्त शेख लड्डू और ट्विंकल खान ने मिलकर साकिब को सजा देने की योजना बनाई। 10 जुलाई की दोपहर, जब साकिब खान करमडीह चौक पर अपनी कार में बैठे पान खा रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और तीन राउंड फायरिंग कर दी। जिसमें साकिब के बाएं हाथ में गोली लगी और वह घायल हो गया।गनीमत रही कि जान बच गई।

पुलिस टीम को घटनास्थल, मोबाइल लोकेशन और चश्मदीदों की गवाही के आधार पर शेख लड्डू तक पहुंच गई।एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में गढ़वा पुलिस की टीम ने छत्तीसगढ़ से शेख लड्डू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शेख लड्डू ने सब कुछ उगल दिया। उसकी निशानदेही पर घुरुआ गांव के एक पुराने खपरैल मकान से पुलिस ने दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किया है।साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।अब पुलिस फरार दूसरे आरोपी ट्विंकल खान की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!